Ayodhya Election News : चुनाव प्रचार के आखिरी घंटों में अयोध्या में भाजपा सपा ने झोंकी ताकत, सीएम योगी और अखिलेश यादव के अयोध्या रोड शो से कितना होगा फायदा ?

Spread the love

अयोध्या। अयोध्या का विधानसभा चुनाव भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी दोनों के लिए प्रतिष्ठा पूर्ण बन गया है। दोनों ही राजनीतिक दल चुनाव जीतकर भावी राजनीति संदेश बढ़ने की कोशिश में है। चुनाव प्रचार के आखिरी घंटे में दोनों राजनीतिक दलों ने मतदाताओं का मन बदलने की कवायद में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बृहस्पतिवार को अयोध्या में रोड शो कर रहे हैं तो सपा प्रत्याशी के लिए अखिलेश यादव शुक्रवार को अयोध्या पहुंच रहे हैं।

अयोध्या सीट पर भारतीय जनता पार्टी जहां खुलकर राम मंदिर मुद्दा और हिंदू आस्था का कार्ड खेल रही है वहीं समाजवादी पार्टी हिंदू आस्था के सवालों पर संभल कर बयान दे रही है। भारतीय जनता पार्टी के चुनावी रणनीतिकारों ने हिंदू धार्मिक व सामाजिक संगठनों की मदद से राम मंदिर निर्माण के मुद्दे को आगे बढ़ाया है। मतदाताओं के घर-घर जाकर रामलला का प्रसाद बांटा गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी बीकापुर की अपनी चुनावी सभा में साफ तौर पर कह चुके हैं कि अगर भारतीय जनता पार्टी की सरकार ना होती तो बसपा सपा और कांग्रेस के राजनेता राम मंदिर का निर्माण होने ना देते। समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला करते हुए उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने राम भक्तों पर गोलियां चलाई हैं वह कभी राम मंदिर नहीं बनने देते। ऐसे में अब जबकि मुख्यमंत्री का बृहस्पतिवार को ही अयोध्या में रोड शो होने जा रहा है तो सभी की नजरें उनके ऊपर टिकी हुई हैं। अयोध्या के कुछ साधु संत ने भी 1 दिन पहले फैजाबाद शहर में रोड शो निकालकर भाजपा का खुला समर्थन किया है।

अखिलेश यादव, राष्ट्रीय अध्यक्ष समाजवादी पार्टी @ayodhyasamvad

समाजवादी पार्टी ने भी पूर्व मुख्यमंत्री और सपा नेता अखिलेश यादव को अयोध्या में रोड शो करने के लिए मना लिया है। वह शुक्रवार को अयोध्या पहुंच रहे हैं राम कथा पार्क से लेकर फैजाबाद शहर के महात्मा गांधी पार्क तक रोड शो के जरिए वह मतदाताओं से सीधा संवाद करेंगे। ऐसे में लोगों की नजर इस पर भी टिकी हुई है कि क्या अखिलेश यादव अयोध्या आकर रामलला का दर्शन करने जाएंगे या नहीं। अखिलेश यादव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रोड शो में उमड़ने वाली भीड़ से अंदाजा लगाया जा सकेगा कि अयोध्या के मतदाताओं का मूड क्या है और दोनों राजनीतिक दल शायद रोड शो के जरिए इसी भ्रम को दूर करना चाहते हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ @ayodhyasamvad

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अयोध्या कार्यक्रम


मुख्यमंत्री के अयोध्या आने से पहले प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह देर रात अयोध्या पहुंच गए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के रोड शो को लेकर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया है। मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बृहस्पतिवार की शाम 4:00 बजे अयोध्या पहुंचेंगे।इससे पहले वह रुदौली में बीजेपी प्रत्याशी रामचंद्र यादव के लिए दोपहर 2:00 बजे जनसभा को सम्बोधित करेंगे और 3:00 बजे गोसाईगंज के मया बाजार में बीजेपी प्रत्याशी आरती तिवारी के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे । अयोध्या धाम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।बीजेपी प्रत्याशी वेद प्रकाश गुप्ता के लिए 4 बजे रोड शो की शुरुआत टेढ़ीबाजार चौराहे से करेंगे। सीएम का रोड शो अयोध्या के टेढ़ी बाजार से शुरू होकर नया घाट राम की पैड़ी पर पहुंचकर संपन्न होगा ।नए घाट पर ही मुख्यमंत्री जन सभा को संबोधित भी करेंगे। अयोध्या में जगह-जगह मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए स्वागत स्थल बनाए जा रहे हैं। रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री पर पुष्प वर्षा भी की जाएगी। संत समाज की ओर से मुख्यमंत्री का वैदिक मंत्रोचार के बीच तिलक भी किया जाएगा। रोड शो के लिए अयोध्या को सजाने के क्रम में जगह-जगह भगवा रंग के गुब्बारे लगाए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.