Lucknow News : होली त्यौहार पर योगी सरकार ने बड़ा और ऐतिहासिक फैसला किया है। पंचांग के अनुसार होली का त्यौहार प्रदेश में शनिवार को मनाया जाएगा । ऐसे में योगी सरकार ने शुक्रवार और शनिवार दोनों दिन होली त्योहार के सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। यह पहला मौका होगा जब सरकार की ओर से होली के त्यौहार की 2 दिन की छुट्टी की जा रही है।

होली पर्व के अवसर पर इस बार सरकारी कार्यालयों में 2 दिन लगातार अवकाश रहेगा। प्रदेश सरकार की ओर से पहले 18 मार्च शुक्रवार को होली पर्व के सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की गई थी लेकिन ज्योतिषियों और पंचांग के अनुसार होली का त्यौहार शुक्रवार के बजाय शनिवार को मनाई जाने की बात सामने आ रही है। ज्योतिष आचार्यों के अनुसार होली त्यौहार के लिए होलिका दहन बृहस्पतिवार और शुक्रवार की रात में किया जाएगा जबकि होली का रंग शनिवार को खेला जाएगा। पंचांग और लोक आस्था को महत्व देते हुए योगी सरकार ने शनिवार को होली के सार्वजनिक अवकाश की घोषणा कर दी है। शनिवार को भी सार्वजनिक अवकाश होने की स्थिति में शुक्रवार को पूर्व घोषित होली का सार्वजनिक अवकाश भी बना रहेगा। सरकार का मानना है कि पहले से ही सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की जा चुकी है और होली पर्व के लिए तमाम लोग 18 मार्च के मद्देनजर अपने कार्यक्रम तय कर चुके होते हैं इसलिए 18 मार्च के सार्वजनिक अवकाश को रद्द नहीं किया गया है बल्कि अट्ठारह मार्च के सार्वजनिक अवकाश के साथ ही 19 मार्च 2022 को भी सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की गई है।
सरकार की ओर से जारी किया गया आदेश

प्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव, सामान्य प्रशासन जितेंद्र कुमार की ओर से 16 मार्च को आदेश पत्र जारी कर 19 मार्च 2022 को सार्वजनिक अवकाश की सूचना दी गई है। इस पत्र में बताया गया है कि सामान्य प्रशासन विभाग उत्तर प्रदेश शासन की ओर से 2022 के सार्वजनिक अवकाश की सूची में 18 मार्च को होली पर्व का सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। उत्तर प्रदेश में होली पर्व 19 मार्च 2022 को भी मनाया जाएगा इसलिए प्रदेश सरकार ने 18 मार्च और 19 मार्च दोनों दिन होली के सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। इन दोनों ही दिन होली का सार्वजनिक अवकाश रहेगा और सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे।