सांसद बृजभूषण शरण सिंह के नेतृत्व में राम नगरी अयोध्या में उत्तर भारतीय जन विश्वास यात्रा निकाली गई
Ayodhya। भारतीय जनता पार्टी के कैसरगंज लोकसभा सीट से सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने शुक्रवार को अयोध्या में उत्तर भारतीय जन विश्वास यात्रा का शुभारंभ किया। राम मंदिर आंदोलन के महानायक परमहंस रामचंद्र दास की समाधि से यात्रा का शुभारंभ करते हुए भाजपा सांसद ने यह भी ऐलान किया कि वह अयोध्या से कभी सांसद का चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने अपनी बात को भरोसेमंद बताने के लिए हनुमानगढ़ी की ओर हाथ उठाकर शपथ भी ली है।

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के नेता राज ठाकरे के आगमन का विरोध कर रहे भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने उत्तर भारतीय जन विश्वास यात्रा का शुभारंभ करते हुए यह ऐलान किया कि उनका संघर्ष उत्तर भारतीय नागरिकों की अस्मिता और सम्मान की रक्षा के लिए है। अयोध्या के संतो के साथ ब्रह्मलीन परमहंस रामचंद्र दास की समाधि पर पहुंचे बृजभूषण शरण सिंह ने पुष्पांजलि अर्पित कर उनका आशीर्वाद लिया और कहा कि राज ठाकरे ने उत्तर भारतीय लोगों का जो अपमान किया है उसका जवाब देने के लिए ही उन्होंने यह यात्रा निकाली है।

बृजभूषण शरण सिंह के आंदोलन को लेकर राजनीतिक हलकों में सवाल उठ रहे हैं कि उनकी मंशा अयोध्या से सांसद बनने की है। इन चर्चाओं का जवाब देते हुए भाजपा
सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने ऐलान किया कि वह अयोध्या से कभी कोई चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी नेतृत्व उन्हें अयोध्या से चुनाव लड़ने के लिए कहेगा भी तो भी वह साफ मना कर देंगे और अपनी कैसरगंज सीट से ही चुनाव लड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि 5 जून को 51 किलोग्राम का लड्डू बनाकर अयोध्या में सुबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का जन्म उत्सव मनाया जाएगा। इसी उद्देश्य से अयोध्या में उत्तर भारतीय जन स्वाभिमान यात्रा निकाला जा रहा है। जिसमें हजारों युवा साधु संत शामिल हो रहे हैं। यह यात्रा परमहंस रामचंद्र महाराज की समाधी से निकाली गई है। यहां पर नेता बृजभूषण ने हवन यज्ञ किये व परमहँस राम चन्द्र दास को नमन किया। यह जुलूस यात्रा अयोध्या के मध्य होते हुए मसौधा गद्दोपुर जाकर एक सभा में तब्दील हो गई। उत्तर भारतीय जन स्वाभिमान यात्रा का जगह-जगह स्वागत सत्कार किया गया।