अयोध्या। अयोध्या शहर प्रशासन की लापरवाही से शुक्रवार को शहर का माहौल बिगड़ते-बिगड़ते बचा। रिकाबगंज चौराहे पर समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। जय श्री राम और अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे के बीच पुलिस को दीवार बनकर बीच में खड़े होना पड़ा। ऐसे हालात सपा-भाजपा के रोड शो के रूट की वजह से बने।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का शुक्रवार को अयोध्या में रोड शो आयोजित किया गया। उनके रोड शो को जिला प्रशासन ने अयोध्या धाम के नया घाट से लेकर फैजाबाद शहर के गांधी पार्क तक लगभग 12 किलोमीटर लंबे मार्ग पर निकालने की अनुमति दे रखी है। अखिलेश यादव के स्वागत में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता 12 किलोमीटर लंबे मार्ग पर जगह जगह इकट्ठा हो रखे थे। लगभग हर 200 से 300 मीटर की दूरी पर सपा कार्यकर्ताओं का जमावड़ा देखने को मिल रहा था। सैकड़ों की संख्या में इकट्ठा सपा कार्यकर्ता अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए उत्साहित दिखाई दे रहे थे।

शहर के प्रमुख चौराहे रिकाबगंज पर भी अखिलेश यादव के स्वागत की बड़ी तैयारी की गई थी यहां पर लगभग 1000 सपा समर्थक खड़े थे। हाथों में झंडे लेकर समाजवादी पार्टी जिंदाबाद और अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे लगा रहे कार्यकर्ताओं के सामने शाम लगभग 4:30 बजे भारतीय जनता पार्टी के विधायक वेद प्रकाश गुप्ता का रोड शो आ गया। भाजपा विधायक ने शहर के दक्षिणी छोर पर स्थित नाका चौराहे के गांधी आश्रम से अपना रोड शो शुरू किया था जो फतेहगंज व शहर चौक होते हुए रिकाबगंज तक पहुंचा। रोड शो में हजारों की संख्या में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता साथ चल रहे थे जय श्री राम और भारत माता की जय के नारे लगा रहे भाजपा कार्यकर्ता अपने सामने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को पाकर जोश में भर गए। उन्होंने और जोर-जोर से जय श्री राम और भारत माता जय के नारे लगाने शुरू कर दिए। आएंगे फिर योगी ही गाना भी डीजे पर बज रहा था जिस पर भाजपा कार्यकर्ता डांस कर रहे थे। दूसरी ओर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता थे जो जोश में समाजवादी पार्टी जिंदाबाद अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने पहुंचे तो पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा। पैरामिलिट्री फोर्स के सैकड़ों जवानों को दोनों राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के बीच दीवाल बना कर खड़ा कर दिया गया। इसके बावजूद दोनों ओर से जोश और उत्साह में नारेबाजी होती रही। हालात देखकर वहां मौजूद लोग आशंका से घबरा उठे लेकिन जब पुलिस दीवार बनकर खड़ी हुई और रोड शो रिकाबगंज चौराहे को पार कर गया तो लोगों ने चैन की सांस ली।


भाजपा का रोड शो गुजर जाने के बाद भी समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता चौराहे पर डटे रहे क्योंकि उन्हें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आने का इंतजार था। कई घंटे तक कार्यकर्ता इंतजार करते रहे लेकिन जब बाद में पता चला अखिलेश यादव का रोड शो अयोध्या में ही खत्म हो गया तो सपा कार्यकर्ता भी अपने घर चले गए।