Ayodhya News : यूपी विधानसभा चुनाव की लड़ाई अब पांचवें दौर में प्रवेश कर चुकी है। शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा अयोध्या पहुंच रहे हैं। जिले की 3 विधानसभा सीटों पर पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में आयोजित जनसभा में वह भाजपा सरकार के लिए माहौल बनाने की कोशिश करेंगे वहीं समाजवादी पार्टी भी भाजपा की चुनावी सभाओं के जवाब में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को अयोध्या बुलाना चाह रही है।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की शुक्रवार को होने वाली चुनावी सभा पर जिले के मतदाताओं की नजर टिकी हुई है। जिले की मिल्कीपुर ,रुदौली और अयोध्या विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशियों के लिए समर्थन जुटाने आ रहे जेपी नड्डा को मतदाताओं की ओर से मिलने वाली प्रतिक्रिया को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जेपी नड्डा की चुनावी सभा से अयोध्या जिले की पांचों सीट पर मतदाताओं के मिजाज का संकेत स्पष्ट हो जाएगा। जिले की पांचों विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशियों को कड़ी टक्कर मिल रही है लेकिन मिल्कीपुर, रुदौली और अयोध्या सीट पर चुनावी समीकरण कुछ अलग कहानी ही बता रहे हैं। यही वजह है कि भारतीय जनता पार्टी चुनावी जंग में कोई कसर छोड़ने के लिए तैयार नहीं है। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष संजीव सिंह ने बृहस्पतिवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की चुनावी सभाओं की तैयारियों का जायजा लिया है। उन्होंने चुनाव सभा स्थलों पर पहुंचकर भीड़ मैनेजमेंट को लेकर भी कार्यकर्ताओं को हिदायत दी है।

भाजपा जिलाध्यक्ष के अनुसार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शुक्रवार को मिल्कीपुर विधायक बाबा गोरखनाथ के समर्थन मे महात्मा गांधी इण्टर कालेज अमानीगंज पहुंचेंगे जहां पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में एक विशाल चुनावी जनसभा को सम्बोधित करेंगे। अमानी गंज की जनसभा दोपहर 2 बजे बुलाई गई है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का हेलीकॉप्टर कार्यक्रम स्थल के पास बनाए गए हेलीपैड पर लैंड करेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के इस जनसभा से जिले की पांचों विधानसभा सीटों और आसपास के जिलों में भी भाजपा की जीत का संदेश जाएगा।
समाजवादी पार्टी ने भी मांगा अखिलेश यादव का कार्यक्रम

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की चुनावी सभा के दबाव में समाजवादी पार्टी ने भी अपनी चुनावी तैयारी कर रखी है। जिले की पांचों विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ रहे समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की चुनावी सभा का कार्यक्रम मांगा है। पार्टी के जिला प्रभारी चौधरी बलराम यादव ने बताया कि सपा के स्टार प्रचारकों की चुनाव सभा आयोजित करने की तैयारी है लेकिन सबसे ज्यादा डिमांड पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की है। पार्टी नेतृत्व से कार्यक्रम मिलने के बाद चुनाव सभा की जाएगी।