अयोध्या। अयोध्या शहर की सड़कों के चौड़ीकरण योजना से व्यापारी समुदाय की नाराजगी का डर भाजपा को चुनाव में सबसे ज्यादा परेशान कर रहा है। रविवार को अयोध्या में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी माहौल बनाने पहुंचे प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने एक बार फिर कहा कि व्यापारी समुदाय डरे नहीं, जब तक व्यापारियों का विस्थापन नहीं हो जाता है तब तक सड़क चौड़ीकरण नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आगामी दस मार्च को होली का उत्सव मनाएंगे।
उपमुख्यमंत्री डा दिनेश शर्मा ने अयोध्या में चल रही विकास की परियोजनाओं को लेकर अधिग्रहण व विस्थापन में व्यापारियों की शंकाओं का खुलकर जवाब दिया। उन्होने भाजपा अयोध्या विधानसभा के चुनाव कार्यालय में कहा कि जब तक व्यापारियों को स्थापित नहीं किया जायेगा उससे पहले उन्हें हटाया नहीं जायेगा। बिना सलाह के कोई परिवर्तन नहीं किया जायेगा। छोटे व्यापारियों के लिए वेडिंग जोन बनाया जायेगा। व्यापारियों व प्रशासन की समन्वय समिति बनायी जायेगी। सहमति के आधार पर कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने कहा कि किसी को भी बेघर नहीं किया जाएगा। अयोध्या के विकास को धार्मिक मुद्दा बताए जाने पर कहा कि विकास हमारा राजनीतिक एजेंडा है, अयोध्या, काशी, मथुरा, विंध्यवासिनी धाम, नैमिषारण्य का विकास हमारी भावना, आस्था का प्रकटीकरण है।
उन्होने कहा कि सबके विकास की समग्र योजना लायी जायेगी। इससे अयोध्या का व्यापार चार गुना से ज्यादा बढ़ जायेगा। यहां पूरे विश्व से लोग आयेंगे। अंतराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिलने पर यहां के लोगो को रोजगार मिलेगा। उन्होने कहा कि इस चुनाव में विपक्ष के जो वर्तमान विधायक है वह भी पूर्व हो जायेंगे। वह भूत हो जायेगे। 10 मार्च के बाद भूतों का क्रंदन सुनाई देगा। 10 मार्च के भाजपा की होली होगी। सकारात्मक मतदान हुआ है। जनता ने चुनाव अपने हाथ में ले लिया है। सरकार ने नकल विहीन परीक्षा करायी। 2017 के पहले यूपी केन्द्र की किसी भी योजना में प्रथम स्थान पर नहीं था। आज 50 से अधिक योजनाओं पर नम्बर वन पर है। यूपी में 3 लाख करोड़ का निवेश हुआ है। चाढ़े चार लाख सरकारी, साढ़े तीन लाख संविदा व 1 करोड़ 60 लाख लोगो को निजी क्षेत्र में रोजगार दिया गया। इस अवसर पर विधायक भाजपा प्रत्याशी वेद प्रकाश गुप्ता, महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, महानगर जिलाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, चुनाव संयोजक डा बांके बिहारी मणि त्रिपाठी, विधानसभा प्रभारी साकेत शर्मा, संयोजक मनमोहन जायसवाल, मीडिया प्रभारी दिवाकर सिंह मौजूद रहे।