Ayodhya News : अभय सिंह की गिरफ्तारी पर सपा ने प्रशासन पर लगाया पक्षपात का आरोप, जिलाध्यक्ष ने पूछा- क्यों नहीं प्रत्याशियों के साथ चलती पुलिस की गाड़ी

Spread the love

अयोध्या। गोसाईगंज विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अभय सिंह को गिरफ्तार किए जाने पर समाजवादी पार्टी ने जिला प्रशासन पर तीखा हमला किया है। समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष गंगा सिंह यादव ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पार्टी प्रत्याशी को गिरफ्तार करने का मतलब है कि उन्हें चुनाव मैदान से जबरन बाहर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 2017 में सपा सरकार के दौरान गोसाईगंज सीट पर भाजपा सपा प्रत्याशियों के साथ पुलिस की गाड़ी चला करती थी और कोई बवाल नहीं होने पाया। इस बार प्रशासन जानबूझकर भाजपा के लोगों को बवाल करने का मौका दे रहा है।

मीडिया से बातचीत के दौरान समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष गंगा सिंह यादव @ayodhyasamvad

समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष गंगा सिंह यादव ने मीडिया से कहा कि सपा प्रत्याशी अभय सिंह को चुनाव से दूर करने के लिए गहरी साजिश की जा रही है। अफसोस की बात है कि इस साजिश में जिला प्रशासन भी शामिल दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि ऐन चुनाव के मौके पर सपा प्रत्याशी को गिरफ्तार करने का सीधा सा मतलब है कि उन्हें चुनाव प्रचार करने से रोका जा रहा है। गोसाईगंज सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने जो प्रत्याशी उतारा है उनके पति इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू का अपराधिक इतिहास है। उनकी ओर से बार-बार सपा प्रत्याशी को परेशान करने की कोशिश की जाती रही है। दबंगई और गुंडई से सपा प्रत्याशी को प्रचार करने से रोका जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार रहने पर गोसाईगंज सीट पर हुए चुनाव में दोनों प्रत्याशियों के प्रचार वाहनों के साथ पुलिस टीम भी चला करती थी और तब कोई बवाल नहीं होने पाया। समाजवादी पार्टी प्रत्याशी के साथ तो आज भी पुलिस टीम चल रही है लेकिन भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों के साथ कोई पुलिस टीम क्यों नहीं है। बवाल क्यों होने दिया जा रहा है । इसके पीछे कौन से साजिश है। इसकी जांच की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आदर्श चुनाव आचार संहिता का कड़ाई से पालन सपा भाजपा प्रत्याशियों के प्रचार के दौरान किया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published.